Home » पुलिस के नाम पर डरा-धमकाकर 5 लाख की उगाही करने वाला आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
छत्तीसगढ़

पुलिस के नाम पर डरा-धमकाकर 5 लाख की उगाही करने वाला आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

बिलासपुर। थाना तारबाहर पुलिस ने पुलिस अधिकारियों को पैसा देने के नाम पर डरा-धमकाकर वसूली करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रार्थी से कुल 5 लाख रुपए की मांग की थी, जिसमें से डरा-धमकाकर 1 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर भी करवा लिए थे। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें से मुख्य आरोपी को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के सरायपाली (मोहदा) निवासी प्रार्थी रूपेश पटेल 19 जून 2026 को किसी निजी काम से बिलासपुर आया था। यहां उसकी दो महिला मित्रों के साथ किसी बात पर वाद-विवाद हो गया, जिसके बाद तीनों मामले को लेकर तारबाहर थाने पहुंचे।

घबराए हुए रूपेश ने अपने दोस्त सचिन मेहर को फोन कर पूरे विवाद की जानकारी दी। सचिन ने इस बात का फायदा उठाने की नीयत से व्यापार विहार बिलासपुर निवासी अपने साथी सुमित देवांगन को इस बारे में बताया। इसके बाद सचिन और सुमित ने प्रार्थी रूपेश के घरवालों को फोन कर डराया कि पुलिस अधिकारियों को मैनेज करने के लिए 5 लाख रुपए देने होंगे।

थाने के चक्कर और बदनामी के डर से प्रार्थी के घरवालों ने आनन-फानन में 1 लाख रुपए आरोपी सुमित देवांगन के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपियों की नीयत साफ नहीं हुई और वे पिछले चार दिनों से लगातार फोन कर बाकी बचे 4 लाख रुपए देने के लिए धमकी दे रहे थे। जब प्रार्थी ने 1 लाख रुपए के बारे में पूछा, तो सुमित ने बताया कि उसने वह रकम किसी अन्य आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दी है। परेशान होकर प्रार्थी ने तारबाहर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी सुमित देवांगन को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) और 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले के अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Search

Archives