जांजगीर-चांपा। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत बॉम्बे मार्केट में 7 से 8 अक्टूबर 2025 की मध्य रात्रि लगभग 1ः30 से 2ः00 बजे के बीच अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और बाजार की तीन बड़ी दुकानों एवं दो ठेलों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग से दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाम्बे मार्केट में चित्रा इलेक्ट्रॉनिक्स (प्रो. खगेंद्र केसरवानी, कलकत्ता होजरी, बॉम्बे साड़ी सेल प्रो. भागवत प्रसाद थावाइत, बॉम्बे सू हाउस प्रो. राजदीप थावाइत साथ ही लालू पान ठेला एवं संतोष यादव का साइकिल ठेला संचालित किया जा रहा था।
आग लगने के बाद मौके पर थाना शिवरीनारायण पुलिस, छत्तीसगढ़ अग्निशमन सेवा, होमगार्ड जांजगीर, न्यूको सीमेंट पावर प्लांट, केएसके पावर प्लांट, प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं मड़वा पावर प्लांट की दमकल गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग पर नियंत्रण कर लिया गया है, हालांकि भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







