Home » वन्यजीवों के शिकार मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, मांस व शिकार में प्रयुक्त औजार जप्त
छत्तीसगढ़

वन्यजीवों के शिकार मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, मांस व शिकार में प्रयुक्त औजार जप्त

बीजापुर। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने नीतिकाकलेर क्षेत्र में दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने वन्यप्राणी का मांस, जो प्रथम दृष्टया नीलगाय का बताया जा रहा है, सहित शिकार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में की गई। विभाग को क्षेत्र में वन्यजीव शिकार की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ा।
वन विभाग की टीम ने 19 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद सामग्री को जब्त करने के बाद आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार, मानसून के दौरान लगातार बारिश और नदी-नालों में बढ़े जलस्तर के कारण जंगलों में निगरानी और गश्त करना चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद मैदानी अमले की टीमें लगातार पैदल गश्त कर संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही हैं। विभाग ने बताया कि वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया जा रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।
वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल में शिकार या किसी अन्य वन अपराध से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Search

Archives