जगदलपुर के घोटिया थाना क्षेत्र के सुधापाल गांव में उस वक्त मातम और सनसनी फैल गई, जब दो दिन से लापता 6 वर्षीय बच्चे का शव गांव के ही सुधापाल नाले से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोग सुधापाल नाले की तरफ पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर नाले में पड़े एक बच्चे के शव पर गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पहचान किए जाने पर शव लखेश्वर मौर्य का निकला। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहंडीगुड़ा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।







