
रायपुर। नौकरी की मांग को लेकर युवा बेरोजगारों ने रविवार को कला संकाय डीएड-बीएड कल्याण संघ के बैनर तले छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड-बीएड संघ ने रायपुर के बूढ़ातालाब में धरना प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर अनुमति से ज्यादा लोग जुटने लगे तो पुलिस ने नियंत्रण में लाने के लिए लाठियां बरसानी शुरू कर दी। इससे युवक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि थाने लाकर कुछ लड़कों के कपड़े भी उतरवाए गए।
मामले में पुलिस का कहना है कि अनुमित से ज्यादा लोगों की भीड़ बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर जमा हो गई थी। इस पर पुलिस ने युवकों समझाइश दी पर वे नहीं माने। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में लाठी-डंडे से खदेड़ा गया। पुलिस का कहना है कि बीएड-डीएड संघ ने बूढ़ातालाब धरना स्थल में 80 की संख्या में शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने जिन शर्तो में धरना प्रदर्शन करने की अनुमति दी थी, उन शर्तो का उल्लंघन करते हुए बीएड-डीएड संघ के प्रदर्शनकारियों ने करीब 1 हजार प्रदर्शनकारियों को एकत्रित किया था, जबकि रायपुर की आम जनता की माँग पर बड़ी संख्या के प्रदर्शनों के लिए नया रायपुर धरना स्थल तय है।
मौके पर उपस्थित एसडीएम और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर संघ के एक समूह ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद उन्हें वापस जाने कहा गया तो उनमें से कुछ व्यक्ति पुलिस बल के साथ झूमाझटकी करने लगे। मामले में एएसपी अभिषेक माहेश्वरी ने बताया कि बूढ़ा तालाब के धरना स्थल में केवल 100 के करीब लोगों को ही प्रदर्शन करने की अनुमति है। समझाईश के बाद भी प्रदर्शनकारी नहीं मानें और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। जिस पर कुछ पुलिस कर्मी चोटिल हुए। कुछ युवक शराब के नशे में भी थे। लाठीचार्ज नहीं किया गया है, हल्का बल का प्रयोग हुआ है।







