रायपुर। बेमेतरा जिले के बीरनपुर गांव में दो समुदायों के बीच हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। भड़की हिंसा व हत्या के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद ने आज छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया था। इसी कड़ी में विहिप कार्यकर्ताओं ने आज रायपुर बस स्टैंड में जमकर हंगामा किया। उन्होंने बस में तोड़फोड़ की। विहिप के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बस स्टैंड बंद कराने पहुंचे हैं। राजधानी के सबसे बड़े मार्केट शास्त्री बाजार को कार्यकर्ताओं ने बंद करा दिया है। वहीं 21 साल के भुनेश्वर साहू की हत्या के बाद परिजन आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं। विहिप के द्वारा छत्तीसगढ़ बंद को देखते हुए पुलिस बल तैनात किए गए हैं। अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस बलों की ड्यूटी लगाई गई है।
बता दें कि बेमेतरा जिले के बीरनपुर में 8 अप्रैल को एक बच्चे से मारपीट की घटना सामने आई थी। इसके बाद दो समुदायों की बीच जमकर झड़प हो गई थी। मामले को शांत कराने पहुंचे पुलिस पर भी भीड़ ने हमला बोला था, जिसमें कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया था। इसे देखते हुए प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी थी। गांव में मोबाइल जैमर भी लगा दिए गए, जिससे इंटरनेट की सुविधा से क्षेत्रवासी वंचित हैं।







