बिलासपुर। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच उस समय भगदड़ मच गई जब पुरी-दुर्ग एक्सप्रेस में आग लग गई। भगदड़ में कुछ लोगों को चोट भी आई है। आग बुझाने के बाद जब ट्रेन को रवाना किया गया तो एक बार फिर आग लग गई। इससे एक बार फिर भगदड़ मच गई।
जानकारी के अनुसार ओडिशा के पुरी से चलने वाली पुरी-दुर्ग एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 18425 में दो बार आग लग गई। शनिवार शाम 7.30 बजे डिस्क ब्रेक जाम होने के कारण एसी कोच के नीचे आग लगने के बाद भगदड़ मच गई। आग लगने की सूचना यात्रियों के बीच फैलते ही वे नीचे उतर गए। आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन रवाना हुई तो 4 किलोमीटर के बाद इसमें पुन आग लग गई। इससे एक बार फिर यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई। इस बार ट्रेन स्टेशन से काफी दूर जंगल के किनारे रूकी। इससे यात्रियों को नीचे उतरने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि भगदड़ में कोई जनहानि नहीं हुई है।







