Home » पटना में हादसे के बाद हिंसा: युवक की मौत से भड़की भीड़ ने बस समेत पुलिस की 2 वाहनों को फूंका
बिहार

पटना में हादसे के बाद हिंसा: युवक की मौत से भड़की भीड़ ने बस समेत पुलिस की 2 वाहनों को फूंका

पटना। अगमकुआं थाना अंतर्गत बड़ी पहाड़ी के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 30 पर शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस ने एक युवक को कुचल दिया। मृतक की पहचान स्थानीय 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई। घटना से आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली बस में आग लगा दिया। यात्री जान बचाकर भाग निकले। पुलिस की दो गाड़िय़ों में भी आग लगा दी। लोगों ने एनएच से गुजर रहे कई अन्य वाहनों में तोडफ़ोड़ की। सूचना पाकर पहुंची कई थानों की पुलिस भी भीड़ के आगे कुछ नहीं कर सकी। भीड़ ने पुलिस को भी खदेड़ दिया।

मीडियाकर्मी के साथ मारपीट की गई। उसकी गाड़ी में भी आग लगा दी गई। आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे दमकल और फायर कर्मियों को भी जान बचाकर भागना पड़ा। हंगामे के कारण एनएच पर जाम लग गया है। वाहनों की कतार लग गई है। कड़ी धूप के बीच यात्री गाडिय़ों में फंसे हुए हैं। लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया जाता है कि तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से मौके पर ही मनीष की मौत हो गई। हादसे के बाद बस का चालक गाड़ी छोड़क़र फरार हो गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी। उसमें सवार यात्री आनन-फानन में बस से उतरे। पुलिस ने मशक्कत कर मामला शांत कराया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

Search

Archives