बिहार/समस्तीपुर। जमीन फर्जीवाड़े के मामले में समस्तीपुर भाजपा अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) मोर्चा के जिलाध्यक्ष हीरा पासवान को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह दिल्ली में दर्ज जमीन फर्जीवाड़े के मामले में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था और ओडिशा के कटक में पहचान छिपाकर रह रहा था।
तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार किया गया। दिल्ली की अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया। मामले में उसके बेटे राजा पासवान की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामला पश्चिमी दिल्ली के जय विहार (बापरोला) इलाके में 285 गज जमीन के कथित फर्जी सौदे से जुड़ा है। आरोप है कि हीरा पासवान और उसके बेटे राजा पासवान ने जमीन के वास्तविक मालिक उमेश सिंह के फर्जी हस्ताक्षर कर जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (GPA) तैयार करवाई। पुलिस का दावा है कि इसी कथित फर्जी दस्तावेज के आधार पर बारी-बारी से पिंकी देवी, पंकज कुमार और सीमा देवी के साथ जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई।
कटक में छिपा था आरोपी : जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मामला दर्ज होने के बाद हीरा पासवान दिल्ली छोड़कर ओडिशा के कटक चला गया। वहां उसने कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर लेबर कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम शुरू कर दिया। दिल्ली पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रैक की और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद आरोपी को दिल्ली लाकर अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए तिहाड़ जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस अब मामले में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है।
बेटे सहित पूरे नेटवर्क की जांच : दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के बेटे राजा पासवान की भूमिका भी सामने आई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों से धोखाधड़ी की गई।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोपों की भी जांच : पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हीरा पासवान और उसके पुत्र राजा पासवान पर कथित तौर पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर दर्जनों लोगों से लाखों रुपये ठगने के आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की भी जांच की जा रही है और पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज : भाजपा एससी-एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष हीरा पासवान की गिरफ्तारी के बाद समस्तीपुर जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं दिल्ली पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।