पटना। दिल्ली से आ रहा एक फ्लाइट हादसे का शिकार होते-होते बच गई। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया का विमान दिल्ली से पटना आ रहा था। यहां पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान से एक पक्षी टकरा गया। हादसे के बाद विमान में सवार यात्री परेशान हो गए। हालांकि विमान को सुरक्षित एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया गया है। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
सभी यात्री सुरक्षित
एयरपोर्ट अधिकारी ने कहा, “एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 के पायलट ने पक्षी के टकराने की आशंका जताई। प्लेन के उतरने के बाद अधिकारियों ने रनवे की जांच की।” उन्होंने कहा, “इस घटना की वजह से एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन में कोई रुकावट नहीं आई। सभी यात्री सुरक्षित हैं।” अधिकारी ने कहा कि पक्षियों का टकराना कोई असामान्य बात नहीं है, खासकर बारिश के मौसम में जब पक्षियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों और जानवरों की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए एक कमेटी हर महीने जांच करती है। अधिकारी ने आगे कहा, “जांच के आधार पर हम रिपोर्ट तैयार करते हैं जिसमें उन जगहों के बारे में बताया जाता है जहां सफाई की ज़रूरत है।”







