Home » अनियंत्रित बस ने पांच लोगों की ली जान, पांच गंभीर, हाइवे किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे थे, आ गई मौत
बिहार

अनियंत्रित बस ने पांच लोगों की ली जान, पांच गंभीर, हाइवे किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे थे, आ गई मौत

पश्चिम चंपारण। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग एनएच-727 पर कल देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क़ किनारे छठिहार समारोह में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र दुबे के घर पर छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के कई लोग सड़क़ किनारे जुटे हुए थे। इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही शाही बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची और अचानक अनियंत्रित होकर लोगों की भीड़ में जा घुसी। बस की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक भी आ रहा था, जबकि दूसरी ओर से शाही बस बेतिया की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सडक़ किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई।

हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढक़र पांच हो गई। वहीं पांच अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एनएच-727 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे की आशंका बनी रहती है। समारोह के दौरान सडक़ किनारे बड़ी संख्या में लोगों के मौजूद होने के बावजूद अचानक बस के भीड़ में घुस जाने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह मानकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

Search

Archives