गोली मार कर हत्या के बाद बदमाश 22 लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार
सतना। सतना में शराब कंपनी के मुनीम की गोली मार कर हत्या के बाद बदमाश 22 लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
भाटिया ग्रुप की शराब कंपनी रोजवुड सप्लायर्स का मुनीम संजय सिंह रोज की तरह करीब डेढ़ बजे कैश लेकर बैंक के लिए निकला था। उसके पास करीब 22 लाख रुपए थे। बाइक सवार 5 नकाबपोश बदमाशों ने सर्किट हाउस के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ठीक सामने घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने संजय सिंह को उस वक्त गोली मारी जब वह नोटों से भरा बैग लेकर कार से उतर रहा था। गोली मारने के बाद बदमाशों ने बैग छीना और फरार हो गए। संजय सिंह का शव मारुति इको CG 10AS 8169 के दरवाजे के पास कार से टिका पड़ा था। मुनीम आजमगढ़ उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
संजय सिंह के साथ आए ड्राइवर दिनेश बारी ने बताया कि वह रोजाना कंपनी के लोटस सिटी स्थित ऑफिस से सेंट्रल बैंक पैसा जमा करवाने मुनीम को साथ लेकर आता था। आज जब वह यहां संजय सिंह को लेकर पहुंचा तो जैसे ही वे बैग लेकर गाड़ी से उतरने लगे,गोली चलने की आवाज आई। वह कुछ समझता-संभलता तब तक बाइक सवार बदमाश भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी महेंद्र सिंह, टीआई कोलगवां सुदीप सोनी, कोतवाली थाना प्रभारी आरपी त्रिपाठी और रिजर्व इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस को सड़क पर खाली कारतूस मिले हैं। फॉरेंसिक और पुलिस की साइबर टीम को भी बुलाया गया है। बैंक, उसके सामने लगे एटीएम और शहर में लगे स्मार्ट सिटी के कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कई टीमों को आरोपियों की तलाश में रवाना कर दिया गया है।







