भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बुधवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री जिले के पीतल मिल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। घटनास्थल से आठ से दस किलोमीटर दूर तक धुएं के गुबार दिखाई दे रहा हैं। एक अधिकारी ने जानकारी दी कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही विदिशा और आसपास से कई दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गईं। एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल), होमगार्ड और प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया है और आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।
आसपास के इलाकों को किया गया अलर्ट
विदिशा कलेक्टर बुद्धेश कुमार वैद्य ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, ’सुबह करीब 7 बजे यहां एक कीटनाशक रसायन फैक्ट्री में आग लग गई। यह विदिशा के पीतल मिल क्षेत्र में स्थित है। यहां पहले से ही उद्योग हैं और आवासीय क्षेत्र घटनास्थल से दूर हैं, हालांकि आसपास के इलाकों को अलर्ट कर दिया गया है। यह सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की जा रही है कि कोई हताहत न हो।’
किसी के हताहत होने की खबर नहीं’
कलेक्टर वैद्य ने कहा कि अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फैक्ट्री में कोई नहीं था। चूंकि यह एक कीटनाशक रसायन फैक्ट्री है, इसलिए आग की तीव्रता काफी अधिक है और आग बुझाने के लिए पास के जिले से दमकल गाड़ियों, विशेषकर फोम फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया है। उन्होंने आगे कहा, “स्थानीय दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।“







