Home » भिलाई स्टील प्लांट से तांबे की ट्यूब चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल दाखिल
दुर्ग-भिलाई

भिलाई स्टील प्लांट से तांबे की ट्यूब चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल दाखिल

 भिलाई स्टील प्लांट के भीतर घुसकर तांबे की ट्यूब चोरी करने वाले आरोपी को भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुआ तांबे का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। बरामद तांबे की ट्यूब का कुल वजन लगभग 10 किलोग्राम है, जिसकी कीमत 12,780 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे रिमांड पर जेल भेज दिया।

कोक ओवन क्षेत्र में चोरी की वारदात
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना 13 अक्टूबर की है। आरोपी की पहचान दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र निवासी हेमराज साहू उर्फ गोलू (38 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी 13 अक्टूबर को भिलाई स्टील प्लांट परिसर में अनधिकृत रूप से दाखिल हुआ। इसके बाद वह संयंत्र के कोक ओवन इलाके में स्थित बैटरी नंबर 9-10 के पास पहुंच गया। वहां रखे तांबे की ट्यूब के टुकड़ों को उसने चुरा लिया। आरोपी चुराए गए तांबे के टुकड़ों को अपनी मोटरसाइकिल संख्या सीजी 07 एसएल 8761 पर लादकर संयंत्र से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था।
संयंत्र परिसर से सामान चोरी होने की शिकायत मिलने पर भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर हेमराज साहू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तांबे के टुकड़े चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने बोरिया गेट के समीप आरोपी के पास से चोरी की गई 10 किलोग्राम तांबे की ट्यूब और मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। इसके उपरांत पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे रिमांड पर जेल भेज दिया।

Search