Home » ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो कार, अलंग शिपयार्ड के 6 कर्मचारियों की मौत
गुजरात

ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो कार, अलंग शिपयार्ड के 6 कर्मचारियों की मौत

भावनगर। गुजरात के भावनगर जिले में तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भावनगर के पास त्रापज के निकट एक तेज रफ्तार बोलेरो कार आगे चल रहे एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो कार में सवार सभी लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के 2 अलग-अलग प्लॉट के स्टाफ सदस्य थे।  हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों की पहचान विजयभाई, साधुभाई, जिग्नेशभाई, भार्गवभाई, हिरेनभाई और योगेशभाई के रूप में हुई है। दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही अलंग शिपयार्ड और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की पहचान जयेशभाई के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल जयेशभाई को पहले भावनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी 6 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की आगे की जांच शुरू कर दी है।

Search