कच्छ। गुजरात के खावड़ा सोलर पार्क इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक खावड़ा पुलिस चेकपोस्ट से सोलर पार्क की ओर जाने वाले रास्ते पर यह हादसा हुआ। यहां बोलेरो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आ रही है। वहीं अब तक की मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरों में कामगार सवार थे, जिसमें ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बोलेरो में सवार 7 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत होने की जानकारी सामने आई है। इस भीषण हादसे में अन्य कई लोगों के भी घायल होने की खबर है।

खावड़ा सोलर पार्क में भीषण हादसा : ट्रेलर की टक्कर से बोलेरो सवार 7 लोगों की मौत, कई घायल
बताया जा रहा है कि बोलेरो में 15 से अधिक कामगार सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को खावड़ा लाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भुज ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि सोलर पार्क में इस प्रकार का यह पहला बड़ा हादसा है। देर रात हुए इस भीषण दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।






