प्रतिबंधात्मक कार्यवाही: इंस्टाग्राम में वायरल वीडियो किया डिलीट
कोरबा। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक अब पुलिस थानों तक पहुंचने लगा है। इसी कड़ी में कोरबा अंचल अंतर्गत एक युवती को कोतवाली परिसर स्थित संवेदना कक्ष में ‘आज जेल होई, कल बेल होई,’ गाने पर रील बनाना महंगा पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जहां युवती पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है, वहीं युवती ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है।
कोतवाली में प्रभार लेने वाले थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले युवती किसी मामले में शिकायत करने कोतवाली आई थी, किंतु शिकायत किया नहीं। इसी दौरान ने कोतवाली परिसर में उक्त गाने पर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर रील के रूप में पोस्ट किया था। रील वायरल होकर समाचारों के जरिए सामने आने के बाद पुलिस का ध्यान इस ओर गया। कोतवाली पुलिस ने पुरानी बस्ती निवासी इस युवती पर बीएनएसएस की धारा 126, 135 (3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है।
जानकारी के अनुसार मामले में युवती ने एक अन्य वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। रील कहीं भी वायरल नहीं करने की भी अपील करते हुए बताया कि उसने इंस्टाग्राम से यह पोस्ट डिलीट कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने उससे बॉन्ड भरवाकर भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की हिदायत दी।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना या अन्य संवेदनशील शासकीय परिसरों में सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के दौरान मर्यादा और नियमों का ध्यान रखना जरूरी है। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के चक्कर में कानून और व्यवस्था का मजाक बनाने जैसी गतिविधियां परेशानी का कारण बन सकती हैं।







