कोरबा। पसान थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली खूनी वारदात सामने आई है। पनगांव में शनिवार की देर रात पारिवारिक विवाद में भतीजे ने अपने ही चाचा की धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान गुलाब सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात गुलाब सिंह का अपनी मां से किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। दादी और चाचा के बीच बहस होते देख भतीजा दुर्गेश कुमार अचानक आगबबूला हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दुर्गेश ने घर में रखी धारदार फरसी उठा ली और चाचा गुलाब सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने फरसी से चाचा के गले पर वार किया, जिससे गला कट गया और अधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ शव देखकर सन्न रह गए। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कोरबी चौकी पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम की तैयारी : सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की।