Home » सतरेगा के रिसॉर्ट में निकला किंग कोबरा, इलेक्ट्रिक सर्किट बोर्ड के पीछे बैठा था
कोरबा छत्तीसगढ़

सतरेगा के रिसॉर्ट में निकला किंग कोबरा, इलेक्ट्रिक सर्किट बोर्ड के पीछे बैठा था

कोरबा । कोरबा के सतरेगा पर्यटन स्थल से एक बेहद रोमांचक तस्वीर सामने आई है। यहां रिसॉर्ट के इलेक्ट्रिक सर्किट बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपकर बैठा था। सांप को देखते ही पर्यटकों और कर्मचारियों में हड़क़ंप मच गया। सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला।

मामला कोरबा के प्रसिद्ध सतरेगा पिकनिक स्पॉट का है। सुबह रिसॉर्ट के विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे कर्मचारियों की नजर एक विशाल सांप पर पड़ी। गौर से देखा गया तो वहां करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था। रिसॉर्ट मैनेजर इस्तिखार खान ने तत्काल वन विभाग और नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ सतरेगा पहुंचे। वन विभाग के अधिकारियों को भी जानकारी दी गई। रेस्क्यू शुरू करने से पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई गई, ताकि रेस्क्यू टीम के साथ किसी तरह का हादसा न हो। इसके बाद बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। किंग कोबरा सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में फंसा हुआ था, जिसके चलते उसे बाहर निकालना टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। करीब एक घंटे तक चले खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जितेंद्र सारथी और उनकी टीम ने 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

किंग कोबरा के रेस्क्यू की खबर फैलते ही मौके पर पर्यटकों की भीड़ जुट गई। लोग इस विशाल और फुर्तीले सांप को देखने के लिए मोबाइल में वीडियो बनाते नजर आए। हालांकि, रेस्क्यू टीम ने लोगों को सांप से सुरक्षित दूरी पर रखा। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की प्रक्रिया और पंचनामा पूरा किया गया, जिसके बाद किंग कोबरा को उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

Search