Home » World Humanoid Robot Games : रोबोट ने मारी ऐसी किक टीवी हुआ चकनाचूर, 1500 मीटर रेस में बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
दुनिया

World Humanoid Robot Games : रोबोट ने मारी ऐसी किक टीवी हुआ चकनाचूर, 1500 मीटर रेस में बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग में 22 से 26 अगस्त तक दूसरे ‘वर्ल्ड ह्यूमेनॉइड रोबोट गेम्स’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दुनिया भर से 666 टीमें और 2,056 रोबोट भाग ले रहे हैं। इवेंट के दौरान रोबोट्स के बेहतरीन प्रदर्शन के साथ-साथ उनके साथ हुई अनहोनी के वीडियो भी जमकर वायरल हो रहे हैं।

कुछ रोबोट्स ने अपनी शानदार स्पीड और तकनीकी क्षमता से लोगों को हैरान कर दिया, तो कुछ रोबोट अपने प्रदर्शन के दौरान ऐसी गलतियां कर बैठे कि उनके वीडियो सोशल मीडिया पर मजेदार कंटेंट बन गए। आइए जानते हैं प्रतियोगिता के ऐसे ही 10 वायरल वीडियो, जिनमें पांच रोबोट्स की फजीहत वाले हैं और पांच ने अपने प्रदर्शन से चौंका दिया।

  •  रोबोट ने मार दी किक, टीवी हुआ चकनाचूर

एक कॉम्पटीशन के दौरान रोबोट ने अनजाने में इतनी जोरदार किक मारी कि पास में रखा स्मार्ट टीवी स्क्रीन चकनाचूर हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि यह हादसा रोबोट के अनजाने में टकराने से हुआ। हालांकि, आयोजकों ने तुरंत नया टीवी वहां इंस्टॉल कर दिया।

  •  400 मीटर रेस में रास्ता भटका Unitree रोबोट

यूनिट्री कंपनी का रोबोट 400 मीटर की ऑब्स्टेकल रेस (बाधा दौड़) में ट्रैक ही भटक गया और काफी देर तक सही दिशा नहीं खोज पाया। इंटरनेट पर लोगों ने इस पर रात 2 बजे 4 बोतल वाइन पीने के बाद… जैसे मजेदार कैप्शन लिखकर वीडियो वायरल कर दिया।

  •  वजन उठाने में फेल, देने लगा एरर पर एरर

इसी दौरान एक भारी-भरकम रोबोट वजन उठाने की कोशिश में पूरी तरह फेल साबित हुआ। जब उससे वजन नहीं संभला, तो उसके सिस्टम में एक के बाद एक एरर कोड आने लगे और वह वहीं रुक गया। दर्शकों के लिए यह नजारा काफी हंसी-मजाक वाला बन गया।

  •  रोबोट्स की गलतियों का वायरल कलेक्शन

सोशल मीडिया पर यह वाली वीडियो रील्स के रूप में वायरल हुआ, जिसमें अलग-अलग रोबोट्स के फनी और गलत मूव्स का एक कलेक्शन दिखाया गया है। इसका कैप्शन दिया गया कि ये कुछ ऐसी चीजें हैं जो रोबोट्स को बिल्कुल नहीं करनी चाहिए।

  •  रोबोट हुआ खराब, नीचे उतारने के लिए बुलानी पड़ी व्हीलचेयर

एक रोबोट का सिस्टम स्टेज पर परफॉर्म करते-करते अचानक इतना बिगड़ गया कि वह बिल्कुल हिल नहीं सका। स्थिति यह बनी कि उसे स्टेज से नीचे सुरक्षित ले जाने के लिए व्हीलचेयर बुलानी पड़ी और वहां फर्स्ट एड टीम को भी पहुंचना पड़ा।

हैरान कर देने वाले प्रदर्शन

  •  100 मीटर में 9.39 सेकंड: उसेन बोल्ट से भी तेज

गेम्स का सबसे सनसनीखेज पल तब आया जब Tien Kung नाम के ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर की रेस महज 9.39 सेकंड में पूरी कर ली। इंसानों में उसेन बोल्ट का विश्व रिकॉर्ड 9.58 सेकंड का है। इस रोबोट की तूफानी रफ्तार देखकर पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।

  •  1500 मीटर रेस में बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

उसी Tiangong रोबोट ने 1500 मीटर की लंबी दौड़ को 2 मिनट 21 सेकंड में पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया। यह इंसानी विश्व रिकॉर्ड से लगभग एक मिनट छह सेकंड ज्यादा तेज है, जो यह साबित करता है कि रोबोटिक्स की स्पीड कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है।

  •  स्टेज पर रोबोट का शानदार ब्रेकडांस

एक अन्य ह्यूमनॉइड रोबोट ने स्टेज पर इतने फ्लुइड और फ्लेक्सिबल ब्रेकडांस मूव्स दिखाए कि लोग दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर हो गए। किसी मशीन की ओर से इतनी बारीकी से डांस करना लोगों को वाकई अद्भुत नजारा लगा ।

  •  टेनिस में बिना मिस्टेक 100+ रैलियां

Galbot Robotics के रोबोट ने पूरी तरह से ऑटोनॉमस (खुद से संचालित) मोड में 100 से ज्यादा लगातार टेनिस रैलियां बिना एक भी गलती के पूरी कीं। लाइव टेलीकास्ट में रोबोट का यह सटीक टाइमिंग और रिफ्लेक्स देखने लायक था।

  •  कुंग फू के टेलर अंकल जैसा क्यूट रनिंग स्टाइल

एक रोबोट का दौड़ने का तरीका (Running Posture) इतना अनोखा और प्यारा था कि लोगों ने उसकी तुलना प्रसिद्ध फिल्म कुंग फू के टेलर अंकल वाले किरदार से कर दी। इस पर इंजीनियर्स ने बताया कि यह पोश्चर पहले से फीड नहीं किया गया था, बल्कि रोबोट के AI ने खुद को सबसे आरामदायक और तेज दौड़ने के लिए ऑटो-एडाप्ट किया था।

Search

Archives