नेपाल। तिब्बत की ओर से अचानक आई भीषण बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले के टिमुरे बाजार क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। लेन्दे खोला (भोटेकोशी) में आई बाढ़ से रसुवा सीमा नाके पर बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, टिमुरे सहित आसपास के दो बाजार बाढ़ से पूरी तरह तहस-नहस हो गए हैं। इस तबाही के मंजर में 1000 लोगों के बहने की आशंका है। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुए भारी तबाही के बीच राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन की आपात बैठक बुलाई है। उनके सलाहकार असीम शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री शाह सीधे ही प्रभावित क्षेत्रों के प्रमुख जिलाधिकारियों से संपर्क में हैं और हर पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
रसुवा के सहायक प्रमुख जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी के अनुसार, बाढ़ ने बाजार और कस्टम कार्यालय क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि रसुवा भन्सार क्षेत्र में बड़ी संख्या में वाहन और अन्य सामान मौजूद थे, जो बाढ़ में बह गए। पिछले साल की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए स्थान पर हाल ही में बनाया गया नया पुल भी इस बाढ़ में बह गया है।
सुबह करीब 9 बजे आई बाढ़ : जिला पुलिस कार्यालय रसुवा के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक आई भीषण बाढ़ से टिमुरे बाजार की बस्ती प्रभावित हुई। रसुवा के प्रमुख जिला अधिकारी नरेन्द्र परियार ने कहा कि अचानक आई बाढ़ से निचले तटीय क्षेत्र में जलविद्युत परियोजनाओं के बह जाने और बस्तियों में बाढ़ का पानी घुसने की भी खबर मिली है।
पुलिस कार्यालयों को भी नुकसान : तिब्बत की ओर से आई बाढ़ से नेपाल पुलिस के तीन कार्यालयों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। पुलिस प्रधान कार्यालय के अनुसार रसुवा जिले में इलाका प्रहरी कार्यालय टिमुरे, प्रहरी चौकी स्याफ्रुबेसी और प्रहरी चौकी रसुवागढ़ी प्रभावित हुए हैं। इस बीच, नुवाकोट में भी बाढ़ पहुंच गई है। जिला प्रशासन कार्यालय नुवाकोट के सूचना अधिकारी रूपेश प्रसाद नेपाल ने इसकी पुष्टि की है।
दो सैन्य हेलीकॉप्टर रसुवा रवाना : बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाली सेना के दो हेलीकॉप्टर रसुवा के लिए रवाना हुए हैं। नेपाली सेना के प्रवक्ता एवं ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बस्नेत ने बताया कि दोनों हेलीकॉप्टर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की ओर भेजे गए हैं। भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ आने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों को भी तैयार अवस्था में रहने का निर्देश दिया है।
पीएम बालेंद्र शाह ने दिए खास निर्देश : प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के सचिवालय के अनुसार, सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों को आवश्यक होने पर तत्काल परिचालन के लिए तैयार रहने को कहा गया है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के सचिवालय के अनुसार, सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों को आवश्यक होने पर तत्काल परिचालन के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
गृह मंत्री ने बुलाई आपात बैठक : इस बीच, रसुवा में बाढ़ से हुई व्यापक क्षति को लेकर गृह मंत्री सुदन गुरुङ की मौजूदगी में मानसून प्रतिकार्य कमान्ड पोस्ट की आपात बैठक शुरू हो गई है। बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान, खोज एवं बचाव तथा राहत कार्यों के संबंध में आवश्यक निर्णय लिए जाने की तैयारी है।
हेल्पलाइन नंबर जारी : सूचना में कहा गया है कि यदि किसी स्थान पर खोज एवं बचाव की आवश्यकता हो या किसी प्रकार की सहायता की जरूरत महसूस हो तो तत्काल टोल-फ्री नंबर 1234 पर संपर्क किया जाए। गृह मंत्री ने लोगों से पृथ्वी राजमार्ग, गल्छी–नुवाकोट–रसुवा–स्याफ्रुबेसी सड़क तथा मुग्लिन–नारायणगढ़ सड़क पर यात्रा नहीं करने और इन मार्गों पर आवागमन पूरी तरह रोकने का भी आग्रह किया है।







