बिलासपुर। सीपत थाना पुलिस ने नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पाक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 26 को पीड़िता के परिजनों ने थाना सीपत में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि ग्राम नीरतू निवासी आरोपी दीपक पटेल 30 वर्ष ने बच्ची को साइकिल सिखाने का झांसा देकर रैलहा जंगल की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर थाना सीपत में अपराध क्रमांक 443/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2) तथा पाक्सो एक्ट की धारा 4(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में जीरो टालरेंस नीति अपनाते हुए सभी थाना प्रभारियों को त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों का पालन करते हुए थाना प्रभारी सीपत के नेतृत्व में पंुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने ग्राम नीरतू स्थित उसके घर से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध होने वाले अपराधों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा ऐसे मामलों में त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—’







