नई दिल्ली। होर्मुज में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका और ईरान एक दूसरे ठिकानों पर लगातार हमला कर रहे हैं। वहीं, अमेरिकी सेना ने सोमवार देर रात ईरान पर नए हमलों का दौर शुरू कर दिया है। यह लगातार दसवीं रात है, जब अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के प्रयास में ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है।
यूएस सेंट्रल कमांड ने ट्वीट कर बताया कि कमांडर-इन-चीफ के आदेश पर शाम 4 बजे (ईटी) ईरान के खिलाफ हमलों का नया दौर शुरू किया गया। इन हमलों का उद्देश्य ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल होर्मुज जलडमरूमध्य में कमर्शियल जहाजों पर हमलों के लिए किया जा रहा है।
ये हमले एक अमेरिकी सैनिक की मौत के बाद और ईरान द्वारा अमेरिकी सहयोगी देशों कुवैत, जॉर्डन तथा बहरीन (जहां अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा स्थित है) पर हमले करने के बाद किए गए हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है और दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका का कहना है कि ये कार्रवाई ईरान की समुद्री गतिविधियों को रोकने और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।







