वर्धा। महाराष्ट्र के वर्दा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां मुंबई- नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर विरुल गांव के पास सोमवार तड़के (लगभग 3 बजे) एक खड़े कार को पीछे से आ रहे एथनॉल से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। कार में टक्कर मारते ही ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार सवार 4 लोग और ट्रक सवार दो लोगों (जिनमें ड्राइवर भी शामिल था) की मौत हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक लेन चालू थी, तभी सड़क़ पर खड़ी एक कार को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी और दोनों गाडिय़ों में आग लग गई। बचाव और ट्रैफिक बहाल करने के काम के लिए हाईवे सेफ्टी पेट्रोल, वर्धा पुलिस, फायर ब्रिगेड और महाराष्ट्र राज्य सडक़ विकास निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। ट्रक एथनॉल लेकर जा रहा था, जिसके कारण पलटते ही उसमें बहुत तेजी से आग पकड़ ली। इसलिए इसे सुरक्षित रूप से हटाने से पहले खाली करना जरूरी था।
अधिकारी ने बताया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुत सावधानी से यह काम किया गया। मुंबई-नागपुर कैरिजवे पर ट्रैफिक को दूसरी लेन में डायवर्ट किया जा रहा था, जिससे प्रभावित हिस्से में भारी जाम लग गया।
पुलिस ने नागपुर से मुंबई जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी कि वे अगले कुछ घंटों तक वर्धा तक समृद्धि एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल न करें। उन्होंने लोगों से नागपुर-अमरावती हाईवे का इस्तेमाल करने और अमरावती गेट इंटरचेंज के जरिए एक्सप्रेसवे पर वापस आने को कहा।







