Home » राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपितों की आय से अधिक संपत्तियां होंगी अटैच
देश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपितों की आय से अधिक संपत्तियां होंगी अटैच

अविनाश शुक्ल से जेल में 4 घंटे हुई पूछताछ

अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले के आठों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इनकी वे संपत्तियां अटैच (संबद्ध) करने जा रही है, जो आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक हैं। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। साथ ही जल्द कुछ और लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। अब तक की जांच में पुलिस को न केवल विभिन्न मदों में किए गए निवेश व संपत्तियों के कागजात मिले हैं, बल्कि आभूषण व नकदी भी बरामद हुई है।

बैंक खातों का विवरण जुटाने के बाद इनके खाते फ्रीज कराने की तैयारी है। उधर, पुलिस टीम ने मंगलवार को विवेचक क्षेत्राधिकारी आशुतोष त्रिपाठी के निर्देशन में मंडल कारागार पहुंचकर आरोपित अविनाश शुक्ल से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की। चढ़ावा चोरी के सभी आरोपितों को सोमवार को विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रजत वर्मा की अदालत से 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर 13 जुलाई तक जेल भेजा गया है। सोमवार को अयोध्याधाम में स्थित पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक व केनरा बैंक में जाकर पुलिस टीमों ने आरोपितों के बैंक खातों का स्टेटमेंट व अन्य विवरण जुटाए थे। लगभग 60 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसमें राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव व ट्रस्टी डा. अनिल मिश्र सहित अन्य भी शामिल हैं। मंगलवार को इन्हें तो नहीं बुलाया गया, परंतु पुलिस की एक टीम ने कारसेवकपुरम पहुंचकर महासचिव चंपतराय से इस प्रकरण पर जानकारी ली।

Search