लॉ एंड ऑर्डर पर फिर उठे सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह ऐसी वारदात हुई, जिसने कानून व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त यह घटना हुई, उसी समय प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्माै राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठकों में व्यस्त थे। ऐसे में विपक्षी गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि जब राजधानी में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी का क्या हाल होगा?
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 8.15 बजे की है। धरमलाल कौशिक रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार बदमाश उनके करीब पहुंचे और पलक झपकते ही हाथ में रखा मोबाइल झपटकर फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से कौशिक भी कुछ पल के लिए सन्न रह गए। आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाश किस दिशा में भागे, इसका सुराग जुटाने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही झपटमारी, चोरी और सड़क अपराध की घटनाओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, लेकिन अब जब सत्ता और राजनीति के बड़े चेहरे भी अपराधियों के निशाने पर आने लगे हैं, तो लॉ एंड ऑर्डर को लेकर बहस और तेज हो गई है। शहर में सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों के बीच भी डर का माहौल देखा जा रहा है।
इधर राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर चुटकी भी ली जा रही है कि “जब वीआईपी का मोबाइल सुरक्षित नहीं, तो आम जनता किस भरोसे घूमे?” पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है, लेकिन इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल जरूर खोल दी है।







