गुरुग्राम। गुरुग्राम में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। रविवार दोपहर करीब दो बजे मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से मारुति कुंज की तरफ जा रही गुरुगमन सिटी बस में अचानक आग लग गई।
ड्राइवर ने सूझबूझ से काम लेते हुए बस को रोका और फौरन सभी सवारियों को उतारा। हादसे में बस पूरी तरह जल गई, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
घटना सेक्टर 51 की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस मारुति कुंज की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पिछले हिस्से में इंजन से धुआं उठा। इसे देखते ही बस ड्राइवर ने सेक्टर 51 महिला थाना के पास ही सड़क किनारे बस रोक दी। सभी सवारियों को तुरंत बाहर निकाला गया।
देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सेक्टर 29 दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जिस समय बस में हादसा हुआ, उस समय उसमें 20 से ज्यादा सवारियां मौजूद थीं।







