जांजगीर -चांपा । जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो परिवारों की खुशियां छीन ली। बुचीहरदी गांव के पास पेट्रोल पंप और पुल के समीप बोलेरो और वैगन आर कार की आमने सामने भीषण टक्कर में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार अकलतरा क्षेत्र के अमोरा गांव निवासी रूपेश निर्मलकर अपने बेटे राहुल निर्मलकर, पत्नी भगवती निर्मलकर और भांजे के साथ सराईसिंगार डोंगरी गांव में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पूरा परिवार कार से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगन कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। जबकि बोलेरो भी सड़क पर पलट गई। हादसे में रूपेश निर्मलकर और उनके बेटे राहुल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पत्नी भगवती और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हेंं प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में बच्चों सहित 9 लोग सवार थे। जो कोरबा जिले से छठी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। उन्हें मामूली चोट आई है और उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की दर्दनाक याद दिलाता है।







