कांकेर । चारामा थाना क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। एकतरफा प्यार में युवती की फोटो एडिट कर अश्लील फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और हिरासत में लिया।
चारामा थाना प्रभारी सुरेश राठौर ने बताया कि एक अप्रैल को युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया 31 मार्च की रात करीब 9:30 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन पर उसे बताया गया कि ‘ग्राम पंचायत टिकरापारा’ नाम से एक वॉट्सऐप समूह बनाया गया है। इस समूह में युवती के ससुराल पक्ष और रिश्तेदारों को जोड़ा गया था। समूह में युवती की एडिट की हुई आपत्तिजनक फोटो और संदेश वायरल किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार निर्मलकर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और युवती धमतरी के एक कॉलेज में साथ पढ़ते थे। प्रवीण युवती से एकतरफा प्यार करता था। उसे पता चला कि युवती की शादी तेरह व चौदह अप्रैल के बीच होने वाली है। युवती को पाने की चाहत में उसने उसकी फोटो एडिट कर आपत्तिजनक बनाई। आरोपी ने जानबूझकर यह फोटो युवती के रिश्तेदारों और ससुराल पक्ष को भेजी। उसकी मंशा थी कि इससे युवती का रिश्ता टूट जाए और वह उससे शादी कर सके।
पुलिस ने आरोपी प्रवीण कुमार निर्मलकर के पास से वह मोबाइल फोन जब्त कर लिया। इसी मोबाइल फोन का उपयोग करके उसने फोटो एडिट की थी और वॉट्सऐप समूह में वायरल की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।







