Home » बिलासपुरः फर्जी मैरिज ब्यूरो पर पुलिस का शिकंजा… 2 महिलाओं सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

बिलासपुरः फर्जी मैरिज ब्यूरो पर पुलिस का शिकंजा… 2 महिलाओं सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन पैसों की कर रहे थे वसूली

बिलासपुर। पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए शहर में संचालित फर्जी मैरिज ब्यूरो पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सरकंडा और कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित कॉल सेंटरनुमा दफ्तरों पर छापेमारी कर 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई म्यूल खातों की जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि विवाह कराने के नाम पर लोगों से पैसे जमा कराए जा रहे थे, लेकिन बदले में कोई वास्तविक सेवा नहीं दी जा रही थी। मामले की शुरूआत बिहार निवासी एक शिकायतकर्ता की ऑनलाइन शिकायत से हुई। जिसने उपयुक्त वधु उपलब्ध कराने के नाम पर 10 हजार रूपए जमा कराए थे। राशि लेने के बाद न तो कोई रिश्ता उपलब्ध कराया गया और न ही कोई सेवा दी गई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और सरकंडा क्षेत्र में संचालित एक मैट्रिमोनियल ऑफिस तक पहुंची। पूछताछ में यह चौकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरोह शादी के इच्छुक लोगों को भावनात्मक रूप से फंसाने के लिए युवतियों से फर्जी प्रोफोइल बनवाकर बातचीत कराता था। इसके जरिए ग्राहकों का भरोसा जीता जाता था। फिर उनसे अलग-अलग बहानों से पॅसे वसूले जाते थे।

अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने 10 कंप्यूटर सेटअप, 70 मोबाईल फोन और 20 हजार रूपए नगद बरामद किए हैं। साथ ही बैंक खातों की जांच में लाखों रूपए के ट्रांजेक्शन का भी पता चला है। गिरफ्तार आरोपियों में महारथी साहू, फुलेश्वर प्रसाद श्रीवास, तरूणा उर्फ सोनू खरे और नीरा बाथम शामिल है। सभी के खिलाफ थाना सरकंडा में धारा 318 और 61 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर के अन्य इलाकों में संचालित ऐसे और भी मैरिज ब्यूरो रडार पर है तथा जांच जारी है।

Search

Archives