महराजगंज। शहर के शिवनगर वार्ड नंबर-17 में सूने घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने बेडरूम में आलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी अपनी पत्नी के साथ दवा कराने चंदौली गए थे।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आस-पास के सीसी कैमरे के सहारे चारों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। शिवनगर निवासी विजय यादव चौक नगर पंचायत में कर्मचारी हैं।
वह नौ फरवरी को अपनी पत्नी के साथ दवा कराने जनपद चंदौली गए थे। 10 फरवरी को दोपहर करीब एक बजे जब वह वापस लौटे तो घर के बेडरूम का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी भी टूटी हुई थी। आलमारी में रखे सोने के हार, झुमका सेट, मंगलसूत्र, अंगूठियां, लॉकेट, चेन, टीका, नथिया सहित चांदी के पायल, पाजेब, सिक्के व अन्य कीमती जेवरात गायब थे।
इसके बाद जब वह छत की ओर गए तो वहां का दरवाजा उखड़ा मिला और छत पर रखी सीमेंट की चादर टूटी हुई पाई गई। इससे स्पष्ट हुआ कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और पूरी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जल्द से जल्द चोरी किए गए जेवरात की बरामदगी कराने की मांग की है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।







