हॉकी एशिया कप के सुपर-4 चरण में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए मैच में भारत ने चीन को 7-0 के बड़े अंतर से जीत हासिल की और फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और चीन को कोई मौका नहीं दिया। मुकाबले की शुरुआत में ही भारत ने दबदबा बना लिया। तीसरे मिनट में शैलेंद्र लाकड़ा ने गोल किया, वहीं छठे मिनट में दिलप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट में मनदीप सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा। 36वें मिनट में राजपाल कुमार और 38वें मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर स्कोर 5-0 कर दिया। चौथे क्वार्टर में अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन किया और 45वें व 49वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी।
पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार आक्रमण और सटीक डिफेंस दिखाया। चीन एक भी गोल नहीं कर सका और पूरी तरह बैकफुट पर नजर आया। भारत ने यह मैच 7-0 से अपने नाम किया और अब एशिया कप के खिताबी मुकाबले में उतरने के लिए तैयार है।
फाइनल आज – एशिया कप का फाइनल मैच रविवार को खेला जाएगा। भारत का सामना 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया से होगा। इससे पहले साउथ कोरिया ने मलेशिया को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं मलेशिया और चीन की टीमें सुपर-4 स्टेज में 2-2 मैच हारकर बाहर हो गई।







