भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एजीएम यानी वार्षिक आम बैठक 28 सितंबर को मुंबई में होगी। इस दौरान बोर्ड अध्यक्ष और आईपीएल अध्यक्ष सहित कई पदों के लिए चुनाव होंगे। इस महीने की शुरुआत में पूर्व भारतीय क्रिकेटर रोजर बिन्नी के इस्तीफे के बाद से बीसीसीआई अध्यक्ष का पद खाली है, जबकि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अध्यक्ष अरुण धूमल के छह साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद अनिवार्य कूलिंग पीरियड में जाने की संभावना है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने अब तक लगभग तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इसमें वे दो साल तीन महीने तक संयुक्त सचिव और नौ महीने तक सचिव रह चुके हैं। ऐसे में उनका पद पर बने रहना लगभग तय माना जा रहा है। दरअसल, जय शाह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष बनने के बाद इस साल जनवरी में सैकिया को सर्वसम्मति से सचिव चुना गया था। इसके अलावा अन्य पदाधिकारी जिनके पद पर बने रहने की संभावना है, उनमें रोहन गौंस देसाई और प्रभतेज भाटिया के नाम शामिल हैं। देसाई को इस साल मार्च में संयुक्त सचिव चुना गया था और भाटिया को जनवरी में सैकिया के साथ कोषाध्यक्ष बनाया गया था।







