Home » पैर का अंगूठा कटवाना चाहता था इंग्लैंड का यह खिलाड़ी, इस वजह से आया था विचार
खेल

पैर का अंगूठा कटवाना चाहता था इंग्लैंड का यह खिलाड़ी, इस वजह से आया था विचार

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स ने अपनी हाल की चोट के बारे में खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार दर्दनाक समस्या से उबरने के लिए पैर का अंगूठा कटवाने पर विचार किया था। इस समस्या के कारण वह महीनों तक खेल से दूर रहे। केवल पांच टेस्ट मैच में 27 विकेट लेने के बाद इंग्लैंड के सबसे उभरते हुए तेज गेंदबाजों में से एक कार्स को 20 जून से लीड्स में भारत के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया है।

इस 29 वर्षीय तेज गेंदबाज के बाएं पैर के अंगूठे पर गेंदबाजी करते हुए गहरा संक्रमित कट लग गया था। इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के भारत दौरे के दौरान यह समस्या सामने आई थी जिसके कारण उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होना पड़ा और तीन महीने तक मैदान से दूर रहना पड़ा।

‘बीबीसी’ ने कार्स के हवाले से कहा, ‘एक समय मैं यह सोचकर बिस्तर पर जा रहा था कि मुझे लगता है कि मैं वास्तव में ऐसा कर सकता हूं। मुझे लगता है कि मैं अपने पैर के अंगूठे से छुटकारा पा सकता हूं लेकिन फिर मेडिकल कर्मियों ने कहा कि आपको संतुलन के लिए इसकी जरूरत है इसलिए इस विचार को तुरंत खारिज कर दिया गया।’ उन्होंने कहा, ‘मैं अब ड्रेसिंग रूम में अपने पैर के अंगूठे का जिक्र नहीं करने की कोशिश करता हूं क्योंकि लोग इससे ऊब चुके हैं। ड्रेसिंग रूम में यह एक तरह का मजाक बन गया है, मेरा अंगूठा।’

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 20 जून से होगा। इसके लिए भारतीय टीम रवाना हो चुकी है। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज को अब तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के नाम से जाना जाएगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली यह सीरीज पदौटी ट्रॉफी के नाम से जानी जाती थी।

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए 14 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। बेन स्टोक्स टीम की अगुआई करेंगे। इस टीम में जोश टंग और सैम कुक नया चेहरा होंगे। वहीं, क्रिस वोक्स की वापसी हुई है। टंग और वोक्स भारत-ए के खिलाफ छह जून से शुरू हो रहे अनधिकृत मैच में इंग्लैंड लायंस टीम का भी हिस्सा हैं। वहीं, जेमी ओवरटन की भी वापसी हुई है। इंग्लैंड की टीम तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स पर काफी निर्भर रहेगी। इसके अलावा ऑलराउंडर जैकब बेथेल भी दिसंबर के बाद वापसी कर रहे हैं।

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, ब्राइडन कार्स, सैम कुक, जैक क्राउली, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वोक्स।

Search

Archives