Home » बंगलूरू भगदड़ मामले पर कोच गंभीर की दो टूक, कहा- मैं हमेशा से रोड शो के खिलाफ रहा हूं
खेल

बंगलूरू भगदड़ मामले पर कोच गंभीर की दो टूक, कहा- मैं हमेशा से रोड शो के खिलाफ रहा हूं

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बंगलूरू भगदड़ मामले पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से रोड शो और इस तरह के आयोजन के खिलाफ रहे हैं। बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की आईपीएल 2025 की खिताबी जीत का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर पहुंचे प्रशंसकों के बीच भगदड़ मच गई। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा घायल हो गए।

इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुंबई स्थित हेडक्वार्टर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इस दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर से बंगलूरू भगदड़ को लेकर सवाल पूछा गया। पत्रकार ने उनसे पूछा कि इस घटना के लिए आप किसे जिम्मेदार मानते हैं? जवाब में पूर्व बल्लेबाज ने कहा-  ‘मैं कोई नहीं हूं किसी को जिम्मेदार ठहराने वाला। मैं हमेशा से इस बात पर यकीन करता रहा हूं कि हमें रोड शो करने की जरूरत नहीं है। मैं जब खेलता था तब भी यही सोचता था। 2007 में जीतने के बाद भी मैंने यही कहा था कि हमें रोड शो नहीं करने चाहिए।लोगों की जिंदगी ज्यादा महत्वपूर्ण है और मैं भविष्य में भी यही बात कहता रहूंगा। भविष्य में हमें इन रोड शो को लेकर थोड़ा और जागरूक होना चाहिए।

आरसीबी और KSCA पर दर्ज हुई एफआईआर- बंगलूरू भगदड़ मामले में आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्सं बेंगलुरु (आरसीबी), डीएनए (इवेंट मैनेजमेंट कंपनी) और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) की प्रशासनिक समिति और अन्य के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है। एफआईआर में भगदड़ की घटना में आपराधिक लापरवाही की बात कही गई है। समाचार एजेंसी एएनआई ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में धारा 105, 125 (1)(2), 132, 121/1, 190 आर/डब्ल्यू 3(5) के तहत शिकायत दर्ज की गई है।

Search

Archives