Home » डीजल से भरे टैंकर में अचानक लगी भीषण आग, आसमान में उठा धुएं का गुबार
राजस्थान

डीजल से भरे टैंकर में अचानक लगी भीषण आग, आसमान में उठा धुएं का गुबार

अजमेर। अजमेर से ब्यावर मार्ग पर मांगलियावास पुलिस थाना क्षेत्र में अर्जुनपुरा चौराहा स्थित चोयल फैक्ट्री के सामने एक होटल के बाहर खड़े डीजल से भरे टैंकर में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचित कर अविलम्ब दमकल मंगवाने की मशक्कत शुरू कर दी गई। दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग के कारण धुएं का गुबार आसमान में उठने लगा।

टैंकर में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थी। ग्रामीणों ने अपने ट्रैक्टर ट्रॉली के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।

महज कुछ दूर ही था पेट्रोल पंप

गौरतलब है कि टैंकर में जहां आग लगी थी वहां से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर ही पेट्रोल पंप भी था। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर मोर्चा संभाला और फायर ब्रिगेड की 4 से 5 गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर दो घंटे में आग पर काबू पा लिया।

पुलिस ने हाईवे को करा दिया बंद

इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे को बंद कर दिया था और दोनों तरफ एक-एक किलोमीटर तक सड़क को खाली करवा दिया था। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक रामचंद्र के अनुसार, टैंकर में सराधना एचपीसीएल से झालावाड़ के लिए डीजल भरा हुआ था। चालक नसीराबाद निवासी रणजीत सिंह टैंकर चला रहा था। इसी दौरान आग लगी। आग लगने का कारण अभी तक ज्ञात नहीं हो सका है। पुलिस जांच कर रही है।

Search

Archives