16 फाइनलिस्ट में तीन का होगा अंतिम चयन
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ (मुख्य कार्यपालक अधिकारी) के आवेदकों के 16 नाम शार्टलिस्ट हो गए हैं। आवेदकों का साक्षात्कार चयन समिति के तीनों सदस्यों सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी व डा. सुरेश हावड़े ने किया। इस दौरान मंदिर के प्रबंधन और इनके अनुभव से जुड़ी जानकारी ली गई है।
सीईओ साक्षात्कार चयन समिति ने कुल 5585 आवेदनों में से 16 का नाम शार्टलिस्ट किया है। साक्षात्कार के बाद समिति इनमें से सबसे योग्य तीन नामों का पैनल तैयार कर ट्रस्ट को सौंपेगी। इस पर दो सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्टी विचार-विमर्श करके सीईओ का चयन करेंगे।
रेस में तीन पूर्व नौकरशाह फ्रंट रनर
सूत्रों के अनुसार सीईओ की रेस में तीन पूर्व नौकरशाह फ्रंट रनर हैं। इनमें सेवानिवृत आईएएस योगेश्वर राम मिश्रा व दिनेश चंद्र के साथ सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय का नाम काफी चर्चा में है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ की रेस में 16 दिग्गज बचें हैं और इनमें से चयन समिति तीन नामों पर मुहर लगाएगी। इस पद के लिए 5585 आवेदनों से 16 फाइनलिस्ट चुने गए हैं।
बुधवार को अंतिम साक्षात्कार
चयन समिति के सदस्यों ने रामजन्मभूमि परिसर के ग्रीन हाउस में बुधवार को अंतिम साक्षात्कार लिया। इनमें एक आवेदक पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय भी थे। रामजन्मभूमि परिसर के ग्रीन हाउस में आयोजित हुए सीईओ पद के अंतिम साक्षात्कार के लिए चयन समिति ने 18 आवेदकों को अयोध्या आमंत्रित किया था।







