लखनऊ। जानकीपुरम सेक्टर एच निवासी बैंक मैनेजर के बंद मकान में लगी लोहे की ग्रिल काटकर चोरों ने नकदी और गहने पार कर दिए। पीड़ित का कहना है कि चोर लगभग सवा करोड़ के जेवर, अन्य सामान और दो लाख रुपये ले गए हैं। तहरीर के आधार पर गुडंबा पुलिस छानबीन कर रही है।
पीड़ित दीपक वर्मा ने बताया कि परिवार के साथ इंदौर स्थित ससुराल गए थे। 31 मार्च को घर लौटे तो अंदर की हालत देख होश उड़ गए। घर में लगी लोहे की ग्रिल कटी हुई थी और खिड़की का शीशा टूटा था। बेडरूम के साथ ही अन्य कमरों की अलमारियां टूटी थी। सामान भी बिखरा पड़ा था।
तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की है। दीपक का कहना है कि चोर घर में रखे सोने और चांदी के जेवर, नकदी, महंगी साड़ियां और घड़ियां चोरी कर ले गए हैं। गुडंबा इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। राजफाश में तीन टीम लगाई गई हैं।
गैस सिलिंडर समेत अन्य सामान चोरी
निराला नगर की सीएसआइआर कालोनी निवासी केएम प्रभुकुमार ने बताया कि पत्नी अमोल केंद्रीय आयुर्वेद शोध संस्थान इंदिरानगर में भर्ती हैं। वह पत्नी के साथ थे। 29 मार्च को घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर ली। उन्हें घटना की जानकारी 30 मार्च को हुई। चोर घर में रखा गैस सिलिंडर, प्रिंटर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने हसनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।







