रामपुर । आर्थिक तंगी और पत्नी की बीमारी से परेशान कस्बे के मुख्य बाजार निवासी बर्तन व्यापारी सुनील रस्तोगी (50) ने बृहस्पतिवार की सुबह पत्नी नेहा रस्तोगी (45) को पीठ से लगाकर खुद को लाइसेंसी राइफल से उड़ा लिया। एक ही गोली से दोनों की मौत हो गई। कमरे में मिली डायरी से आत्महत्या की पुष्टि हुई है।
कस्बे के मुख्य बाजार निवासी सुनील रस्तोगी के परिवार में पत्नी नेहा रस्तोगी, बेटा पीयूष रस्तोगी व बेटी कृषि रस्तोगी हैं। वह बर्तन का कारोबार कर परिवार का पालन पोषण करते थे। पत्नी को कैंसर होने पर आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। इससे वह अवसाद में थे।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब 7:30 बजे व्यापारी के घर की पहली मंजिल से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर भूतल पर मौजूद बेटा पीयूष, बेटी कृषि रस्तोगी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां पर सुनील रस्तोगी और उनकी पत्नी के रक्तरंजित शव पड़े मिले।







