रेल प्रबंधक को लिखा पत्र
रायबरेली। रेलवे सुविधाओं के विस्तार और नई लाइनों के निर्माण को लेकर सांसद ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। पत्र में जिले को आसपास के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क देने पर जोर दिया गया है। मामले में उच्चाधिकारियों ने स्थानीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है।
सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली को फैजाबाद (अयोध्या) से सीधे रेलमार्ग के जरिए जोडऩे की आवश्यकता बताई है। इसके साथ ही बछरावां से फतेहपुर तक नए रेलमार्ग के निर्माण का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने ऊंचाहार स्टेशन में वंदेभारत एक्सप्रेस के ठहराव समेत अन्य कई ट्रेनों के अलग-अलग स्टेशनों पर ठहराव व नई ट्रेनों के संचालन के साथ ही बंद चल रही ट्रेनों को चलाने की मांग की गई। पत्र में जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्लेटफॉर्मों के आधुनिकीकरण, साफ-सफाई, पेयजल और प्रतीक्षालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की भी मांग की गई है।
जिले से संचालित पैसेंजर ट्रेनों की जगह मेट्रो ट्रेन चलाने, शहर के मधुबन रेलवे क्रासिंग समेत जिले के अन्य रेलमार्ग पर फुटओवरब्रिज बनाने, अरखा समेत कई जगहों पर अंडरपास मार्ग बनाने, हॉल्ट स्टेशनों का कायाकल्प करने, कुलियों को प्रतिमाह की दर से धनराशि निर्धारित करने, ऊंचाहार-कानपुर रेलमार्ग से कोलकाता तक नई ट्रेन चलाने जैसे कई मामलों को उठाया है। उधर, सहायक मंडल अभियंता आइके सिंह का कहना है कि सांसद के पत्र के बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी गई है। सभी संबंधित स्टेशन व संबंधित विभाग उसका डाटा तैयार करके मंडल के अधिकारियों को भेजेंगे।







