Home » जुमे की नमाज के बाद बवाल, हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने किया लाठीचार्ज
उत्तर प्रदेश

जुमे की नमाज के बाद बवाल, हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बरेली। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शहर का माहौल बिगड़ गया। बड़ी संख्या में उन्मादी लोग सड़कों पर उतर आए और ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे बैनर व पोस्टर लहराते हुए नारेबाजी करने लगे। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। इसी बीच इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (IMC) के मुखिया मौलाना तौकीर रजा को प्रशासन ने नजरबंद कर दिया है।

श्यामगंज और नौमहला इलाकों में तनाव- श्यामगंज क्षेत्र में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की तो भीड़ ने पथराव कर दिया। इस दौरान SP क्राइम और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। नौमहला मस्जिद के बाहर भी भारी संख्या में लोग जमा होकर नारेबाजी करते रहे। एहतियातन पुलिस ने बाजार और दुकानों को बंद करा दिया तथा पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

तौकीर रजा के ऐलान से भड़का माहौल- मौलाना तौकीर रजा ने पहले ही ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर DM के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने का एलान किया था। उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण विरोध की अपील की थी, लेकिन हालात ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। प्रशासन ने उनके ऐलान के बाद गुरुवार रात से ही शहर में चौकसी बढ़ा दी थी।

छावनी में तब्दील हुआ शहर- शुक्रवार सुबह से ही इस्लामिया मैदान, बिहारीपुर और श्यामगंज मंडी रोड पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कई इलाकों में दुकानें और बाजार बंद रहे। इसके बावजूद नमाज खत्म होने के बाद लोग जुलूस की शक्ल में निकल पड़े और जमकर नारेबाजी की। हालात काबू में रखने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Search

Archives