
उत्तरप्रदेश। प्रयागराज के एक होटल में डिप्टी सीएमओ डॉ. सुनील कुमार सिंह का शव मिला है। यहां होटल विट्ठल के कमरा नंबर 106 में शव बरामद हुआ है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामला प्रयागराज के सिविल लाइंस का है।
जानकारी के अनुसार डिप्टी सीएमओ डॉ. सुनील कुमार सिंह का शव प्रयागराज के एक होटल में फंदे पर लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। इसके बाद आगे की जांच शुरू कर दी है। डिप्टी सीएमओ की हत्या हुई है या फिर आत्महत्या, यह तो जांच के बाद ही पता चल सकेगा। बताया जाता है सुनील कुमार बनारस के रहने वाले थे। डॉ. सुनील कुमार सिंह संचारी रोग के नोडल अधिकारी नियुक्त थे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।







