बुलंदशहर। शातिरों ने घर बैठे 65 लाख रुपये कमाने का लालच देकर 14.85 लाख रुपये हड़प लिए। एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की है।
अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी धीरेश मोहन शर्मा ने साइबर थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि दो जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप काल आई। फोनकर्ता ने अपना नाम अतुल सिंह बताते हुए घर बैठे 65 लाख रुपये कमाने का लालच दिया।
फोन करने वाले ने बताया कि अगर वह आनलाइन ट्रेडिंग में पैसा निवेश करता है, तो उसे कुछ ही समय में लाखों का मुनाफा होगा। फोनकर्ता ने उसे व्हाट्सएप पर जेमिनीज नाम का एक लिंक भेजा, जिसे उसने डाउनलोड कर लिया। उसके बाद आरोपितों ने दो जनवरी से लेकर 9 फरवरी 2026 तक विभिन्न बैंक खातों और यूटीआर नंबरों के माध्यम से 14,84,779 रुपये ट्रांसफर किए। कुछ दिन बाद जब पीड़ित ने अपने मुनाफे और मूल राशि के बारे में पूछा, तो आरोपित अतुल सिंह ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। जिसके बाद उसे अपने साथ ठगी होने का पता चला। थाना पुलिस ने न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित ने एसएसपी के समक्ष पेश होकर अपना दुखड़ा सुनाया।
अपर पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।







