उत्तरप्रदेश/गोरखपुर । शादी के दौरान जयमाला स्टेज पर बंदूक के साथ दूल्हा-दुल्हन ने फोटो खिंचवाई। फोटो अब जाकर वायरल हो रहा है। इससे उनकी मुसीबत बढ़ गई है। मामले में एम्स थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चौकी इंचार्ज एयरफोर्स मोहम्मद आरिफ अली शेर की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की गई है।
सामने आया कि यह फोटो एम्स के कूनराघाट निवासी रजत अग्रहरि उर्फ कल्लन और उसकी पत्नी का है। रजत पिछले दिनों जुआ खिलवाने के मामले में जेल जा चुका है। तब जुआ खेलवाने की फोटो वायरल हुई थी।
एम्स थानेदार मदन मोहन ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। बंदूक अवैध हो या वैध दोनों सूरत में उसका प्रदर्शन करना अपराध की श्रेणी में ही आता है। यह मामला तब और गंभीर हो जाता है, जब लाइसेंसी कोई और हो और धाक जमाने के लिए फोटो कोई और खिंचवा रहा हो। मामला वायरल हुआ तो फिर जेल जाने की नौबत बन जाती है।
कूनराघाट इलाके के जोड़े की फोटो जयमाला स्टेज की है जो कि अब वायरल हो रही है जिसमें वे एक दूसरे को जयमाला पहनाने के बाद दूल्हा-दुल्हन अपने हाथ में 12 बोर का बंदूक लेकर फोटो खिंचवा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में उनकी शादी हुई थी तब फोटो ली गई थी, लेकिन हाल में यह वायरल हुई है, जिससे अब उनकी दिक्कत बढ़ गई है।







