कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर बुधवार को आयोजित बीएसएफ कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल) की परीक्षा हंगामे और बवाल की भेंट चढ़ गई। तकनीकी खामियों, बिना चेकिंग के प्रवेश और पेपर लीक होने के गंभीर आरोपों के बीच परीक्षार्थियों ने केंद्र पर जमकर तोड़फोड़ और प्रदर्शन किया।
करीब चार घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार प्रशासन और बीएसएफ अधिकारियों के हस्तक्षेप से परीक्षा रद्द कर दी गई। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं का आरोप था कि पहली पाली की परीक्षा शुरू होते ही करीब 40 मिनट तक सिस्टम बंद रहे। जब सिस्टम चालू हुए तो कीबोर्ड और माउस काम नहीं कर रहे थे, केवल सीपीयू चालू था। परीक्षा हॉल में न तो लाइट थी और न ही पंखे चल रहे थे।







