Home » 36 हजार करोड़ का गंगा एक्सप्रेसवे धंसा! 7 फीट गहरा गड्ढा, छिपाने का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश

36 हजार करोड़ का गंगा एक्सप्रेसवे धंसा! 7 फीट गहरा गड्ढा, छिपाने का वीडियो वायरल

उन्नाव। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर गड्ढों का मामला अभी चर्चा में ही था कि अब उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे की सड़क धंसने का मामला सामने आया है। प्रयागराज जाने वाली लेन पर करीब 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गड्ढे को छिपाने के लिए उसके ऊपर चादर और शॉल बिछा दिए गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया।

सड़क के बीचोंबीच हुआ गहरा गड्ढा

बताया जा रहा है कि उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे की प्रयागराज की ओर जाने वाली लेन पर सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इससे वहां करीब सात फीट गहरा गड्ढा बन गया। एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण सड़क पर इस तरह धंसाव सामने आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

गड्ढे पर चादर-शॉल डालने का वीडियो वायरल

मामले में सबसे ज्यादा चर्चा गड्ढे को चादर और शॉल से ढकने को लेकर है। सामने आए वीडियो में सड़क पर बने गड्ढे के ऊपर कपड़े बिछे नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

वीडियो वायरल होते ही भर दिया गया गड्ढा

वीडियो सामने आने के बाद कार्यदायी संस्था हरकत में आई और आनन-फानन में गड्ढे को भर दिया गया। हालांकि, सड़क धंसने की वजह क्या थी और निर्माण में किसी तरह की तकनीकी खामी थी या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले ने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता की निगरानी पर बहस छेड़ दी है।

36 हजार करोड़ की लागत से बना एक्सप्रेसवे

गंगा एक्सप्रेसवे करीब 594 किलोमीटर लंबा है और इसके निर्माण पर लगभग 36 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसका लोकार्पण 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इतने बड़े और महंगे प्रोजेक्ट में सड़क धंसने की घटना ने निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस पर क्या कार्रवाई करता है।

Search