कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र में हाई स्कूल की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली । घटना के पीछे बोर्ड परीक्षा में तनाव की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मूलरूप से बेकनगंज निवासी फुरकान दो दशक से जाजमऊ स्थित बुढ़िया घाट में परिवार के साथ किराए पर रहता है। परिवार में पत्नी रोशनी बानो, बड़ी बेटी हिना और छोटी बेटी 16 वर्षीय इकरा बानो हैं। वहीं फुरकान कबाड़ की फेरी का काम करते हैं। फुरकान के अनुसार उनकी छोटी बेटी इकरा हाई स्कूल की छात्रा थी। जिसे घर पर ही बड़ी बेटी पढ़ाती थी।
फुरकान ने बताया कि इकरा हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा को लेकर तनाव में दिखती थी। उसका बीते दो दिनों से खाना पीना भी कम हो गया था। फुरकान के अनुसार बीते गुरुवार की देर शाम को वह घर पहुचे । तो अंदर से कुंडी बंद थी। काफ़ी आवाज लगाने पर घर का दरवाजा नहीं खुला। इस दौरान उनकी पत्नी बड़ी बेटी के सथ लालबंगला बाजार गई थीं। जब उन्होंने खिड़की से अंदर झांका, तो इकरा पंखे में दुपट्टे के सहारे लटकी दिखी थी।
आनन फानन फुरकान ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर बेटी इक़रा को फंदे से उतारा और उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल ले गए। जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि पूछताछ में स्वजन परीक्षा को लेकर तनाव में होने की बात कह रहे हैं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।







