भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने चेतेश्वर पुजारा के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा है। पुजारा ने हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूप से संन्यास ले लिया है। कोहली और पुजारा लंबे समय तक एक साथ खेले और दोनों ने कई मौकों पर साझेदारी भी निभाई। 2018-19 के ऐतिहासिक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पुजारा टीम के काफी काम आए।
कोहली-पुजारा ने निभाई थी कई साझेदारियां- कोहली ने पुजारा के लिए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखा है। कोहली ने चौथे नंबर पर उनका काम आसान करने के लिए पुजारा को धन्यवाद दिया है और अपनी शुभकामनाएं दी हैं। कोहली ने लिखा, ‘चौथे नंबर पर मेरा काम आसान के लिए धन्यवाद पुज्जी। आपका करियर शानदार रहा। बधाई और आगे के लिए शुभकामनाएं। भगवान आपका भला करें।’ पुजारा और कोहली ने टीम में रहते हुए भारत के लिए मध्यक्रम में शानदार साझेदारियां निभाईं। इस जोड़ी ने 83 पारियों में 3513 रन बनाए, जिसमें सात शतकीय साझेदारियां और 18 अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल हैं।
पुजारा का अंतरराष्ट्रीय करियर- पुजारा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 103 टेस्ट और पांच वनडे खेले। टेस्ट में उन्होंने 176 पारियों में 43.61 की औसत से 7195 रन बनाए। इनमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 206 रन का रहा वहीं, वनडे में उन्होंने 39.24 की औसत से 51 रन बनाए। इसके अलावा पुजारा आईपीएल में 30 मैच खेल चुके हैं। इसकी 22 पारियों में उन्होंने 99.75 के स्ट्राइक रेट से 390 रन बनाए। इसमें एक अर्धशतक शामिल है।







