रोहित शर्मा ने 18 साल पहले 23 जून को ही अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इसको याद कर हिटमैन भावुक हो गए। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में अपने पहले हेलमेट की तस्वीर साझा की है और भावुक संदेश लिखा। रोहित ने लिखा- हमेशा आभारी रहूंगा, 23.06.07। तब रोहित की उम्र 20 साल की थी और उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ टी20 मैच से डेब्यू किया था। भारत के लिए दो आईसीसी ट्रॉफी जीत चुके रोहित को अब तक के सबसे बेहतरीन ओपनर्स में से एक माना जाता है। इन 18 वर्षों में हिटमैन के करियर में कई उतार चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने इन सबका डटकर सामना किया और अब वह कामयाबी की बुलंदियों पर हैं।

रोहित की कप्तानी में भारत 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल और उसी साल के अंत में वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचा। हालांकि, टीम दोनों बार ट्रॉफी से चूक गई। उन्होंने 2024 में भारत को टी20 विश्व कप खिताब दिलाया और 13 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को समाप्त किया। इसके बाद टीम ने 2025 में रोहित की ही कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की।







