Home » बुमराह की वजह से एबी डिविलियर्स ने लगाई भारतीय टीम मैनेजमेंट की क्लास, दिया इसका उदाहरण
खेल

बुमराह की वजह से एबी डिविलियर्स ने लगाई भारतीय टीम मैनेजमेंट की क्लास, दिया इसका उदाहरण

इंग्लैंड और भारत के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग XI में बदलाव होने की संभावना है। ऐसा कहा जा रहा है कि जसप्रीत बुमराह वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से दूसरा टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे। उनके वर्कलोड को देखते हुए उन्हें सिर्फ तीन टेस्ट खेलने की मंजूरी मिली है। हालांकि एबी डिविलियर्स का मानना है कि बुमराह को सभी पांच टेस्ट खेलने चाहिए थे, उन्होंने डेल स्टेन का उदाहरण देते हुए समझाया कि कैसे वे खेलते थे।

भारत ने जब इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का ऐलान नहीं किया था, उससे पहले ही विराट कोहली और रोहित शर्मा ने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी। इसके बाद टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई। एक युवा टीम का इंग्लैंड में सीरीज जीत का 17 साल का सूखा समाप्त करने में सबसे बड़ा दारोमदार जसप्रीत बुमराह पर आ गया। उनके नेतृत्व में गेंदबाजी आक्रमण ही भारत की जीत का सूत्रधार बन सकता है, लेकिन बुमराह के इस दौरे पर सभी पांच मैच खेलने पर संशय है और इस बारे में टीम मैनेजमेंट ने पहले ही सूचित कर दिया था।  उनके वर्कलोड को देखते हुए 3 टेस्ट मैच खेलने पर ही सहमति बनी थी।

हालांकि पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान और आईपीएल के दिग्गज एबी डिविलियर्स का मानना है कि बुमराह को पहले से तय तीन मैचों की बजाय सभी पांच टेस्ट मैच खेलने के लिए प्राथमिकता दी जानी चाहिए, उन्होंने इसके लिए अपने टीम के साथी डेल स्टेन का उदाहरण दिया। डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “वह इस समय शायद सभी फॉर्मेट में दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज हैं। ऐसे में उन्हें कब और कैसे आराम दिया जाए, यह तय करना बहुत मुश्किल हो जाता है। मेरे अनुसार, टेस्ट क्रिकेट इस खेल का सबसे श्रेष्ठ फॉर्मेट है। खासकर यह टेस्ट सीरीज तो ऐसी है, जिसमें उन्हें सभी पांच मैचों के लिए तैयार किया जाना चाहिए था।”

स्टेन को कैसे तैयार करते थे प्रोटियाज?- 40 वर्षीय डिविलियर्स ने इस स्थिति की तुलना दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन से की, जिनका वर्कलोड और चोट का इतिहास काफी हद तक बुमराह जैसा ही रहा है। उन्होंने कहा, “हम डेल स्टेन के साथ भी ऐसा ही करते थे, उन्हें कम महत्वपूर्ण टी20 और वनडे सीरीज में आराम देते थे और ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत के खिलाफ विदेशी टेस्ट सीरीज के लिए तैयार करते थे. कुछ हद तक न्यूजीलैंड भी, उस समय की रैंकिंग के अनुसार.”

डिविलियर्स ने हालांकि अंत में मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत इंग्लैंड को भ्रम में रख रहा हो, बुमराह को आराम देने की बात कहकर उन्हें सभी पाचों मैच खिला दे? हो सकता है यही प्लान हो, भारत इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पहला टेस्ट मैच हारकर सीरीज में 0-1 से पीछे है। दूसरा टेस्ट मैच 2 जुलाई से एजबैस्टन में खेला जाएगा, लेकिन बुमराह इस मैच का हिस्सा होंगे या नहीं, अभी भारत ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, हालांकि शनिवार को बुमराह ने नेट्स में प्रैक्टिस की थी, ऐसे में उनके खेलने की संभावनाओं को खारिज भी नहीं किया जा सकता।

Search

Archives